द न्यूज 9 डेस्क। कटनी। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशन में आबकारी विभाग की टीम ने वृत्त बहोरीबंद एवं कटनी क्रमांक-03 के अंतर्गत विभिन्न गांवों में दबिश देकर 64 हजार रुपये से अधिक मूल्य की अवैध मदिरा एवं शराब निर्माण सामग्री जब्त की। कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत कुल 7 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।
रैपुरा में 570 किलो महुआ लाहन बरामद
वृत्त बहोरीबंद में वृत्त प्रभारी अतुल कुटार के नेतृत्व में आबकारी टीम ने ग्राम रैपुरा में चिन्हित स्थानों पर दबिश देकर तलाशी ली। इस दौरान करीब 570 किलोग्राम महुआ लाहन एवं 2 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद की गई। टीम ने महुआ लाहन का नमूना लेने के बाद शेष सामग्री मौके पर ही नष्ट कर दी। इस कार्रवाई में आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1)(क) एवं 34(1)(च) के तहत 5 प्रकरण दर्ज किए गए।
शाहपुर और टेढ़ी में भी आबकारी विभाग की दबिश
इसी तरह वृत्त कटनी क्रमांक-03 में वृत्त प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी सूर्यभान कोरी के नेतृत्व में ग्राम शाहपुर एवं टेढ़ी में कार्रवाई की गई। यहां से 60 किलोग्राम महुआ लाहन तथा 650 एमएल की 7 बीयर बोतलें, कुल 4.55 बल्क लीटर बीयर जब्त की गई। महुआ लाहन का नमूना लेकर शेष सामग्री मौके पर नष्ट कर दी गई। इस कार्रवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत 2 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।
आबकारी विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी मंशा राम उइके सहित विभाग के अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, विक्रय एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।




