द न्यूज 9 डेस्क।जबलपुर। सिहोरा। लंबे समय से क्रीड़ा प्रेमियों की मांग पर अरुणाभ घोष मेमोरियल स्टेडियम के विस्तार का मार्ग अब क्षेत्रीय विधायक संतोष बड़कड़े की पहल से प्रशस्त होता दिखाई दे रहा है। विधायक ने स्टेडियम क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए अतिक्रमण कर निवासरत परिवारों से संवाद स्थापित किया और प्रशासन को उनकी संभावित दिक्कतों के निराकरण के निर्देश दिए। शीघ्र ही अतिक्रमणकारियों को सर्वसुविधायुक्त और स्वच्छ वातावरण में स्थानांतरित कर स्टेडियम के विस्तार कार्य को प्रारंभ किया जाएगा।
कई वर्षों से नहीं हो पा रहा टूर्नामेंट
अरुणाभ घोष मेमोरियल स्टेडियम में पूर्व में जबलपुर सहित आसपास के जिलों की टीमों की भागीदारी से भव्य क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किए जाते थे, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से मैदान के पीछे की अवैध बसाहट के कारण टूर्नामेंट बंद हो गए हैं। इस वजह से खिलाड़ियों में गहरी निराशा है। साथ ही शैक्षणिक संस्थाओं की वार्षिक खेल प्रतियोगिताएं और तहसील स्तरीय आयोजन भी प्रभावित हो रहे हैं।
सरकार की मंशा और जमीनी हकीकत में अंतर
एक ओर सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की बात करती है, वहीं सिहोरा का एकमात्र प्रमुख खेल मैदान वर्षों से अतिक्रमण की जद में है। अरुणाभ घोष स्टेडियम के विस्तार के लिए नगर पालिका ने संपूर्ण प्रारूप तैयार किया था। पीछे की बसी बसाहट को अन्यत्र विस्थापित करने हेतु पट्टे भी जारी किए जा चुके थे, लेकिन दृढ़ इच्छाशक्ति की कमी और अतिक्रमणकारियों के असहयोग के कारण कार्य अटका रहा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक दिलीप दुबे, अनूपम सराफ, शिशिर पांडे, अंकित तिवारी, नीरज पांडे, एसडीएम पुष्पेन्द्र अहके सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।











