हाथ भट्टी शराब बनाने के ठिकानों पर दी दबिश, 53 हजार 700 रुपये से अधिक की सामग्री जप्त; आबकारी अधिनियम के तहत 8 प्रकरण दर्ज
द न्यूज 9 डेस्क।कटनी। जिले में अवैध शराब के निर्माण, विक्रय एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में गुरुवार, 12 नवंबर 2026 को आबकारी वृत्त कटनी क्रमांक-02 के अंतर्गत अवैध हाथ भट्टी मदिरा निर्माण के ठिकानों पर विभागीय टीम ने दबिश देकर बड़ी मात्रा में महुआ लाहन एवं हाथ भट्टी शराब जब्त की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी सुश्री विभा मरकाम के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी मंशा राम उइके के नेतृत्व में आबकारी टीम ने ग्राम आधारकाप, निमियाहार एवं मछरिया डेरा के नदी किनारे स्थित संदिग्ध ठिकानों की विधिवत तलाशी ली।
525 किलोग्राम महुआ लाहन और 8 लीटर शराब बरामद
कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम को लगभग 525 किलोग्राम महुआ लाहन एवं 8 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद हुई। विभागीय टीम ने समस्त सामग्री को विधिवत जब्त किया। जब्त महुआ लाहन का नमूना लेकर शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
विभाग के अनुसार, जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य 53 हजार 700 रुपये से अधिक बताया गया है। इस मामले में आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1)(क) एवं 34(1)(च) के तहत कुल 8 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।
आबकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की रही अहम भूमिका
उक्त कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रवीण रतन वरकड़े, आबकारी वृत्त कटनी क्रमांक-02 के प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक अतुल कुटार, आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी मंशा राम उइके सहित अन्य आबकारी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




