द न्यूज 9 डेस्क।जबलपुर। सिहोरा। नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक प्रकरण से आहत होकर आत्मबलिदान करने वाले 22 छात्र-छात्राओं की स्मृति में रविवार शाम सिहोरा में मौन कैंडल मार्च निकाला गया। दिल्ली में चल रहे सीजेपी छात्र आंदोलन के समर्थन में गठित संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर कांग्रेस, किसान संगठनों और आमजन की सहभागिता से यह मार्च आयोजित किया गया। शाम करीब 7:30 बजे झंडा बाजार से शुरू हुआ कैंडल मार्च काल भैरव चौक, सरावगी मोहल्ला, सत्यवती पार्क, मृगनयनी रोड और बस स्टैंड होते हुए थाना परिसर स्थित जय स्तंभ पहुंचा। यहां सभी ने मोमबत्तियां जलाकर दिवंगत विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें याद किया। संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि नीट पेपर लीक से व्यथित होकर जिन विद्यार्थियों ने अपनी जान गंवाई, उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाना चाहिए। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार से मांग की कि परीक्षा व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी छात्र को सिस्टम की नाकामी के कारण ऐसा कदम उठाने के लिए मजबूर न होना पड़े।
https://www.facebook.com/share/r/14iunjDhgvF/










