द न्यूज 9 डेस्क।कटनी। जनसुनवाई में प्राप्त अवैध मदिरा विक्रय की शिकायतों के बाद आबकारी विभाग ने जिले में बड़ी कार्रवाई की है। कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी सुश्री विभा मरकाम के मार्गदर्शन में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार 03 सितंबर 2026 को वृत्त कटनी क्रमांक-03 एवं वृत्त स्लीमनाबाद क्षेत्र में आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी मंशा राम उइके के नेतृत्व में आबकारी टीम ने विभिन्न स्थानों पर अवैध मदिरा विक्रय की शिकायतों की जांच की।
टीम द्वारा ग्राम भानपुरा नंबर-1, हरदुआ, भटिया मोहल्ला बिछुआ, लालपुर, बिचपुरा एवं शाहपुर में अवैध मदिरा विक्रय के संदिग्ध ठिकानों पर विधिवत तलाशी ली गई। कार्रवाई के दौरान 197 पाव देशी मदिरा, प्रत्येक 180 एमएल तथा 13 बोतल बीयर, प्रत्येक 650 एमएल, बरामद कर जप्त की गई। जप्त मदिरा की कुल कीमत 17 हजार रुपये से अधिक बताई गई है।
आबकारी अधिनियम के तहत 05 प्रकरण दर्ज
अवैध मदिरा बरामद होने पर आबकारी विभाग द्वारा मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1)(क) के तहत कुल 05 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। विभाग द्वारा अवैध मदिरा के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।
इन अधिकारियों और कर्मचारियों की रही भूमिका
उक्त कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी सूर्यभान कोरी, प्रवीण रतन वरकड़े, आबकारी उपनिरीक्षक अतुल कुटार, सीमा देवी कोल सहित आबकारी विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध मदिरा के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

































































































































































