द न्यूज 9 डेस्क।जबलपुर।सिहोरा। खितौला थाना अंतर्गत ग्राम खितौला स्थित हिरन नदी के किनारे बने श्मशान घाट में एक सनसनीखेज एवं हृदयविदारक घटना सामने आई है। बीती रात एक युवक द्वारा चिता पर लेटकर आत्महत्या किए जाने की घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बन गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम लगभग 5ः30 बजे खितौला श्मशान घाट में एक मृतक का अंतिम संस्कार किया गया था। अंतिम संस्कार के उपरांत परिजन चिता को जलता छोड़कर अपने घर लौट गए थे। इसी दौरान रात करीब 3 बजे सिब्बू कोल उर्फ शुभम कोल (उम्र 27 वर्ष), निवासी खितौला, अचानक अपने घर से निकल गया।परिजनों द्वारा सुबह करीब 6 बजे खितौला थाने में उसकी गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई गई, जिसके बाद परिजन एवं परिचित उसकी तलाश में जुट गए।इसी क्रम में सुबह लगभग 7 बजे जब संबंधित परिजन श्मशान घाट पहुंच कर और चिता की राख (खारी) एकत्रित करने गए, तब उन्होंने देखा कि उसी चिता के ऊपर एक युवक का आधा जला हुआ शव पड़ा है। यह दृश्य देखकर वहां उपस्थित लोग स्तब्ध रह गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही खितौला थाना प्रभारी रमन सिंह ने अपने थाना की टीम को मौके पर पहुंचा कर तत्काल स्थिति को नियंत्रित करते हुए आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ कराई। उनकी त्वरित कार्रवाई से मौके पर किसी प्रकार की अव्यवस्था या अराजकता की स्थिति निर्मित नहीं हो पाई।पुलिस ने शव को चिता से अलग कर अपने कब्जे में लिया तथा जांच प्रारंभ की। जांच के दौरान मृतक की पहचान सिब्बू कोल उर्फ शुभम कोल के रूप में की गई।प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस द्वारा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत जांच की जा रही है। परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।इस असामान्य घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं तथा लोगों में भय और कौतूहल का वातावरण बना हुआ है।











