द न्यूज 9 डेस्क।जबलपुर। सिहोरा। सिहोरा-मझौली तहसील क्षेत्र के किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर गुरुवार को एसडीएम कार्यालय के सभाकक्ष में प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ किसान नेताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों ने धान की सरकारी खरीदी के पंजीयन, कृषि आदान की गुणवत्ता, बिजली विभाग से जुड़ी समस्याओं सहित कई मुद्दे प्रमुखता से उठाए।
बैठक का संयोजन भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष एडवोकेट रमेश पटेल ने किया। किसान नेताओं ने कहा कि कृषि, जल संसाधन, नर्मदा विकास, कृषि उपज मंडी और विद्युत विभाग से संबंधित समस्याओं के कारण क्षेत्र के अन्नदाताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से संबंधित विभागों की समस्याओं का निराकरण कराने की मांग की।
किसान नेताओं ने दो टूक कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का समय पर निराकरण नहीं हुआ और विभागीय स्तर पर मनमानी जारी रही तो किसान यूनियन संयुक्त मोर्चे के बैनर तले एसडीएम कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
धान खरीदी के पंजीयन का मुद्दा प्रमुखता से उठा
बैठक में भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष रमेश पटेल ने धान की सरकारी खरीदी के लिए पंजीयन में किसानों को आ रही समस्याओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग के पटवारियों द्वारा गिरदावली का काम समय पर पूरा नहीं होने के कारण कई किसानों का धान की सरकारी खरीदी के लिए पंजीयन अटक रहा है।
किसान नेताओं ने प्रशासन से गिरदावली एवं पंजीयन संबंधी समस्याओं का समय पर निराकरण कराने की मांग की, ताकि किसानों को सरकारी खरीदी का लाभ लेने में परेशानी न हो।
नकली खाद-बीज और कीटनाशकों का आरोप
भारत कृषक समाज के तहसील अध्यक्ष एडवोकेट रामगोपाल पटेल ने कृषि आदान दुकानों से संबंधित समस्याएं बैठक में रखीं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों की कुछ कृषि आदान दुकानों पर किसानों को खाद, बीज और कीटनाशक मनमाने दामों पर खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों से कृषि आदान दुकानों की जांच और किसानों को गुणवत्तापूर्ण सामग्री उचित दरों पर उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने कृषि विभाग के कुछ अधिकारी-कर्मचारियों पर दुकानदारों से कथित रूप से अवैध वसूली किए जाने के आरोप भी लगाए। इन आरोपों पर संबंधित विभाग का पक्ष सामने नहीं आया है।
बिजली विभाग के कर्मचारियों पर अवैध वसूली का आरोप
मझौली तहसील अध्यक्ष छोटे पटेल ने मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी से जुड़ी समस्याओं को उठाया। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और लाइनमैनों पर किसानों से कथित रूप से अवैध वसूली किए जाने के आरोप लगाए और प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में एसडीएम ज्योति परस्ते, तहसीलदार सुरेश सोनी, नायब तहसीलदार विश्वास भंडारी, मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सहायक अभियंता जसवंत सिंह चौधरी, एसडीओ कृषि मनीषा पटेल, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी जेएस राठौर, जल संसाधन विभाग की एसडीओ दिव्या चौकसे, नर्मदा विकास विभाग के एसडीओ एवं उपयंत्री सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
किसान पक्ष की ओर से भारत कृषक समाज तहसील अध्यक्ष एडवोकेट रामगोपाल पटेल, मझौली तहसील अध्यक्ष छोटे पटेल, भारतीय किसान संघ तहसील अध्यक्ष शैलेश पटेल सहित विभिन्न किसान संगठनों के पदाधिकारी एवं किसान शामिल हुए।
बड़ी संख्या में किसान रहे मौजूद
बैठक में नंदकुमार परोहा, सुरेश पटेल, जागरूक किसान एडवोकेट रवि दीप सिंह, किसान समाज संगठन के अकलेश पटेल, भारतीय किसान संगठन के डॉ. संतोष पटेल, अशोक पटेल, अवसर पटेल, लक्ष्मीनारायण पटेल, संतकुमार पटेल, आशीष पटेल, रणजीत पटेल, ओमप्रकाश पटेल, संदीप पटेल, मुकेश पटेल, इंद्रजीत पटेल, गंगाराम पटेल, दीपक पटेल, बीरेंद्र पटेल, सुरेंद्र पटेल सहित बड़ी संख्या में अन्नदाता किसान मौजूद रहे।




