द न्यूज़ 9 डेस्क।जबलपुर।सिहोरा। ‘क्लीन सिहोरा ग्रीन सिहोरा’ के संकल्प के साथ मंगलवार को नवनिर्वाचित सिहोरा नगर पालिका अध्यक्ष संध्या दिलीप दुबे ने शपथ ली। उपाध्यक्ष सहित 16 पार्षदों को जनप्रतिनिधियों शहर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में सब डिविजनल मजिस्ट्रेट ने शपथ दिलाई। मझौली बाईपास रुकमणी पैलेस में आयोजित इस ऐतिहासिक आयोजन की साक्षी सिहोरा नगर के वासी बने।
संत प्रवर बनवारी दास जी महाराज भरभरा आश्रम की उपस्थिति में सिहोरा विधायक नंदनी मरावी के मुख्यातिथ्य, भाजपा जबलपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष सुभाष रानू तिवारी की अध्यक्षता, पूर्व विधायक दिलीप दुबे की उपस्थिति में शपथ ग्रहण का कार्यक्रम आयोजित हुआ। सब डिविजनल मजिस्ट्रेट आशीष पांडे ने नव निर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष संध्या दिलीप दुबे,नगर पालिका उपाध्यक्ष शारदा तिवारी, पार्षद प्रमोद चौधरी, रीता शुक्ला, रंजना दुबे, जवाहर कोल, कल्पना पांडे, ममता गोटिया, लीला बर्मन, बेबी विनयपाल, गौरा देवी विश्वकर्मा, राजेश चौबे, माधुरी दहिया, अंकुश नायक, अजय शर्मा, रमेश पटेल, शारदा बर्मन को शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन भाजपा जिला महामंत्री ग्रामीण राजेश दहिया ने किया।
शपथ लेते ही नगर सौंदर्यीकरण की फाइल की साइन
नगर पालिका अध्यक्ष संध्या दिलीप दुबे ने अध्यक्ष पद की शपथ लेने के साथ ही नगर के सौंदर्यीकरण के लिए फाइल साइन की। नगर के सौंदर्यीकरण के इस कार्य में खितौला मोड़ तिराहा से बाजार स्कूल खितौला तक चार करोड़ 96 लाख की लागत से सौंदर्यीकरण का काम किया जाएगा।
नगर विकास में कमी नहीं आएगी राशि की
मुख्य अतिथि विधायक नंदनी मरावी ने शपथ ग्रहण कार्यक्रम में अपने उद्बोधन में कहा कि अब सिहोरा को विकास को नए पंख लगेंगे। सिहोरा नगर पालिका क्षेत्र के विकास के लिए राशि की कोई भी कमी नहीं आने दी जाएगी। जिस विश्वास के साथ जनता ने भाजपा पर विश्वास जताया है उस विश्वास को पूरा करना हमारा पहला काम होगा।
नपा के अधिकारी कर्मचारियों ने किया जनप्रतिनिधियों का स्वागत
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि, अध्यक्ष, नवनिर्वाचित अध्यक्ष उपाध्यक्ष एवं पार्षदों का स्वागत नगरपालिका के उपयंत्री देवेंद्र व्यास, आरपी शुक्ला, प्रभारी राजस्व निरीक्षक सुशील वर्मा, मनोज खपंरिया, संतोष सूर्यवंशी, राज कुमार बैगा, द्वारका कोरी श्याम चौधरी ने किया।