द न्यूज 9 डेस्क।जबलपुर।सिहोरा। छिंदवाड़ा-पांढुर्णा लोकसभा क्षेत्र के सांसद विवेक बंटी साहू के नेतृत्व में छिंदवाड़ा से मैहर स्थित मां शारदा धाम तक निकाली जा रही भव्य धार्मिक पदयात्रा शुक्रवार को पनागर से सिहोरा पहुंची। नगर के प्रवेश द्वार पहरेवा नाका, मनसकरा में संतोष बरकड़े, जनपद सदस्य नीरज पांडे, अनुपम सराफ, अंकित तिवारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर पदयात्रियों का आत्मीय स्वागत किया। पूरे मार्ग में धार्मिक जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
सांसद विवेक बंटी साहू ने बताया कि यह पदयात्रा 1 जुलाई 2026 को छिंदवाड़ा से प्रारंभ हुई है और 14 जुलाई को मैहर धाम पहुंचकर पूर्ण होगी। 14 दिनों की इस यात्रा में लगभग 375 से 380 किलोमीटर की दूरी पैदल तय की जा रही है। सांसद सहित सभी श्रद्धालु प्रतिदिन करीब 30 किलोमीटर की पदयात्रा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा का उद्देश्य मां शारदा से मध्यप्रदेश, विशेषकर छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा क्षेत्र में अच्छी बारिश, सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और जनकल्याण की प्रार्थना करना है। यात्रा छिंदवाड़ा, सिवनी, लखनादौन, छपारा, जबलपुर और कटनी होते हुए मैहर धाम पहुंचेगी।
स्वागत कार्यक्रम में जनपद पंचायत सिहोरा अध्यक्ष रश्मि मनेन्द्र अग्निहोत्री, शिशिर पांडे, रमेश तिवारी, राकेश पाठक, कृष्ण गोपाल पाठक, सुंदर गुप्ता, अमन तिवारी, दीपक तिवारी, अभिषेक पांडेय, हर्ष, भोला, अंशुल तथा अमन सेन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।











