Home » मध्यप्रदेश » सिहोरा » कटनी में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, मकान से 350 पाव अवैध शराब जब्त; महिला गिरफ्तार

कटनी में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, मकान से 350 पाव अवैध शराब जब्त; महिला गिरफ्तार

63 बल्क लीटर से अधिक देशी शराब बरामद, जब्त मदिरा की कीमत करीब 30 हजार रुपये

द न्यूज 9 डेस्क। कटनी। जिले में अवैध शराब के संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सोमवार, 2 नवंबर को आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम इमलाज में एक रिहायशी मकान पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की। मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर कटनी आशीष तिवारी के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी सुश्री विभा मरकाम के मार्गदर्शन में जिले के चिन्हित क्षेत्रों में सघन गश्त, निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान वृत्त बहोरीबंद अंतर्गत ग्राम इमलाज में एक मकान में भारी मात्रा में देशी शराब रखे होने की मुखबिर से सूचना मिली।

सूचना के आधार पर आबकारी अमले ने पंचों की मौजूदगी में ग्राम इमलाज, थाना रीठी निवासी फूलबाई पति स्वर्गीय सुदामा यादव (48 वर्ष) के रिहायशी मकान की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान 7 कार्टून (पेटियों) में रखे कुल 350 पाव देशी मदिरा मसाला एवं प्लेन बरामद किए गए। जब्त शराब की कुल मात्रा 63 बल्क लीटर बताई गई है।

आबकारी विभाग के अनुसार, बरामद शराब की मात्रा 50 बल्क लीटर से अधिक होने के कारण अजमानतीय अपराध पाए जाने पर महिला के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। इसके बाद आरोपिया को गिरफ्तार कर लिया गया। जब्त मदिरा की अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये बताई गई है।

इन अधिकारियों और कर्मचारियों की रही मौजूदगी

उक्त कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी सूर्यभान कोरी, मंशाराम उईके, प्रवीण रतन वरकड़े, वृत्त प्रभारी बहोरीबंद अतुल कुटार सहित मुख्य आरक्षक रामसिंह, चंद्रप्रकाश त्रिपाठी, वीणा ब्रह्म तथा आबकारी आरक्षक अरुण पांडेय, आशुतोष तिवारी एवं रविराज भूमिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के संग्रहण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

About The Author

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

संबंधित ख़बरें

[democracy id="1"]