871 किलो 95 ग्राम गांजा जब्त, कीमत करीब 4 करोड़ 35 लाख रुपये; 412 पेंट के डिब्बों की आड़ में हो रही थी तस्करी
द न्यूज 9 डेस्क।जबलपुर।सिहोरा। गोसलपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 871 किलो 95 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 35 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ गांजा परिवहन में इस्तेमाल कंटेनर और 412 नग पेंट के डिब्बे भी जब्त किए हैं। पेंट के डिब्बों की आड़ में गांजे की यह बड़ी खेप ले जाई जा रही थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक जबलपुर संपत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों एवं अवैध शराब की तस्करी में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 श्रीमती अनु बेनिवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, एसडीओपी सिहोरा सुश्री मोहंती मरावी एवं डीएसपी क्राइम उमेश तिवारी के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच, थाना गोसलपुर और उत्तर प्रदेश झांसी की नारकोटिक्स विंग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
मुस्करा मोड़ के पास दिखा संदिग्ध कंटेनर
जानकारी के मुताबिक 30 अक्टूबर 2026 को थाना गोसलपुर एवं क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुस्करा मोड़ के पास एनएच-30 पर जबलपुर की ओर से तेज गति से आ रहे कंटेनर क्रमांक छस्-01-।ब्-7191 पर पुलिस को संदेह हुआ। टीम ने कंटेनर का पीछा करते हुए मोहतरा टोल के पास घेराबंदी कर उसे रोक लिया। कंटेनर में सवार चालक और एक अन्य व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने दोनों को पकड़ लिया।
28 बोरियों में मिला 871 किलो गांजा
पूछताछ में कंटेनर चालक की पहचान धर्मवीर सिंह (45 वर्ष), निवासी अलीगढ़, उत्तर प्रदेश तथा दूसरे आरोपी की पहचान विक्रम करमाकर (24 वर्ष), निवासी दक्षिण दिनाजपुर, बालुरघाट, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई।
कंटेनर की तलाशी लेने पर उसमें 412 नग पेंट के डिब्बों के साथ 28 बोरियां रखी मिलीं। बोरियों की जांच करने पर खाकी रंग के टेप से पैक किए गए पैकेटों में गांजा बरामद हुआ। इसी दौरान उत्तर प्रदेश झांसी की नारकोटिक्स विंग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए गांजे का वजन कराया गया, जो कुल 871 किलो 95 ग्राम निकला। इसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 35 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है।
ओडिशा से मध्यप्रदेश तक फैले नेटवर्क की जांच
पुलिस के अनुसार पूछताछ में कंटेनर चालक धर्मवीर सिंह ने बताया कि उसने 18 अक्टूबर को विशाखापट्टनम से माल लोड किया था और 19 अक्टूबर को अंबाला के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान ओडिशा के बलांगीर निवासी प्रभात साहू ने उससे संपर्क कर मध्यप्रदेश में गांजे की खेप पहुंचाने के लिए कहा। आरोपी ने यह भी बताया कि वह पूर्व में भी प्रभात साहू के कहने पर कई बार गांजे की खेप मध्यप्रदेश पहुंचा चुका है, जिसके एवज में उसे एक बार के एक लाख रुपये मिलते थे।
पुलिस के मुताबिक 27 अक्टूबर को प्रभात साहू के यहां से गांजे की 28 बोरियां कंटेनर में लोड की गई थीं। खेप को मध्यप्रदेश के मैहर से पहले एक जियो पेट्रोल पंप के पास खाली करने की बात कही गई थी। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गांजे के स्रोत की जांच कर रही है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 871 किलो 95 ग्राम गांजा, 412 नग पेंट के डिब्बे और परिवहन में प्रयुक्त कंटेनर जब्त किया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/20 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस बड़ी कार्रवाई में थाना प्रभारी क्राइम श्री शैलेष मिश्रा एवं थाना प्रभारी गोसलपुर श्रीमती भावना तिवारी के मार्गदर्शन में उप निरीक्षक अर्चना सल्लाग, आरक्षक जितेन्द्र राय, सोनू झा, शुभम दत्त शर्मा सहित क्राइम ब्रांच के सहायक उप निरीक्षक अशोक मिश्रा, संतोष पाण्डे, मोहन तिवारी, प्रधान आरक्षक हितेन्द्र सिंह, मोहन सिंह, मनीष सिंह, सुतेन्द्र यादव, आरक्षक रितेश शुक्ला, पंकज सिंह, इंद्रजीत यादव, संतोष शाह, विमल विश्वकर्मा, शिव सिंह बघेल एवं प्रीतम उपाध्याय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं उत्तर प्रदेश झांसी की नारकोटिक्स विंग के उप निरीक्षक मनीष कुमार, आर.पी.एन.ओ. गजेन्द्र सिंह, विमल कुमार एवं प्रदीप कुमार का भी सराहनीय योगदान रहा।




