द न्यूज 9 डेस्क।जबलपुर। सिहोरा। सिहोरा को जिला बनाने की चुनावी घोषणा को लेकर लक्ष्य जिला सिहोरा आंदोलन समिति का भाजपा नेताओं को स्मरण पत्र सौंपने का अभियान सोमवार को भी जारी रहा। समिति ने सिहोरा की राजनीति के प्रमुख वाहक माने जाने वाले भाजपा नेताओं राजेश दाहिया और अनुपम सराफ को स्मरण पत्र सौंपकर सिहोरा जिला बनाने के वादे को पूरा कराने की मांग की। स्मरण पत्र सौंपते हुए समिति ने सवाल उठाया कि जब संगठन में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका है और सत्ता की मुख्य धुरी भी आप हैं, तो लगातार किए गए वादों के बावजूद सिहोरा जिला के मुद्दे पर चुप्पी क्यों है? समिति ने कहा कि कथनी और करनी में समानता की बात करने वाली पार्टी और सरकार के लिए सिहोरा जिला का मुद्दा भी उसी कसौटी पर खरा उतरना चाहिए। समिति ने कहा कि भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी ने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सिहोरा को जिला बनाने की घोषणा करते हुए स्वयं सरकार के समक्ष प्रस्ताव ले जाने का वादा किया था। यदि पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के पद पर बैठे नेता का वचन भी पूरा नहीं होता और उस पर लगातार चुप्पी बनी रहती है, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति लोगों के विश्वास के लिए गंभीर सवाल है। समिति ने राजेश दाहिया और अनुपम सराफ से कहा कि वे भी उन नेताओं में शामिल हैं, जो चुनाव पूर्व उस मंच पर मौजूद थे, जहां सिहोरा को जिला बनाने और भाजपा को सरकार बनाने के लिए वोट देने की अपील की गई थी। दोनों नेताओं ने भी इस बात को स्वीकार किया कि वे उस समय मंच पर मौजूद थे।दोनो ने समिति को पुनः वचन दिया कि वे उचित मंच पर अपनी बात अवश्य रखेंगे। समिति ने कहा कि चुनाव के समय किया गया वादा केवल चुनावी घोषणा नहीं, बल्कि जनता से किया गया राजनीतिक संकल्प था। अब सरकार बनने के बाद उस संकल्प को पूरा कराने की जिम्मेदारी भाजपा के स्थानीय और संगठनात्मक नेताओं की भी है।
मंगलवार को राजा मोर के आवास पर प्रदर्शन
लक्ष्य जिला सिहोरा आंदोलन समिति ने घोषणा की कि स्मरण पत्र अभियान के अगले चरण में मंगलवार को भाजपा प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य राजा मोर के बस स्टैंड स्थित आवास पर प्रदर्शन किया जाएगा। समिति का कहना है कि वह भाजपा के उन सभी नेताओं तक पहुंचेगी, जो चुनाव के दौरान सिहोरा जिला बनाने के मुद्दे से जुड़े रहे हैं, ताकि उन्हें जनता से किए गए वादे की याद दिलाई जा सके और सरकार पर वादा पूरा करने के लिए दबाव बनाया जा सके। सोमवार को स्मरण पत्र सौंपने के दौरान समिति के संतोष पांडे, रामजी शुक्ला, अनिल जैन, विकास दुबे, कृष्ण कुमार कुररिया, प्रदीप दुबे, सुनील कुररिया, संजय पाठक, संतोष वर्मा, सुमित शुक्ला, जितेंद्र श्रीवास,राजा ठाकुर,राजेश कुररिया,मोहन सोंधिया, शरद सेठ, अनिल खंपरिया, राजभान मिश्रा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

































































































































































