द न्यूज 9 डेस्क।कटनी। अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने वृत्त स्लीमनाबाद एवं वृत्त बहोरीबंद क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। 8 सितंबर 2026 को की गई कार्रवाई में टीम ने करीब 1265 किलोग्राम महुआ लाहन एवं 41 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद कर विधिवत जब्त की। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 1 लाख 32 हजार 650 रुपये से अधिक बताई गई है।
यह कार्रवाई कलेक्टर कटनी आशीष तिवारी के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी सुश्री विभा मरकाम के मार्गदर्शन में अवैध मदिरा के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत की गई।
इन गांवों में की गई कार्रवाई
आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी मंशा राम उइके के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीम ने सिहुड़ी, कंचनपुर, बरही, साडा एवं पटना गांवों में अवैध हाथ भट्टी मदिरा निर्माण के संभावित ठिकानों की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में महुआ लाहन और हाथ भट्टी मदिरा बरामद हुई।
टीम द्वारा महुआ लाहन का सैंपल लेने के बाद शेष महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट किया गया।
16 प्रकरण किए गए पंजीबद्ध
कार्रवाई के दौरान आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1)(क) एवं 34(1)(च) के तहत कुल 16 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।
इन अधिकारियों-कर्मचारियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में वृत्त बहोरीबंद प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक अतुल कुटार, सीमा देवी कोल तथा मुख्य आरक्षक राम सिंह, राजेश गौंटिया, वीणा ब्रह्मवंशी, चन्द्रप्रकाश त्रिपाठी एवं नव नियुक्त आबकारी आरक्षक रवि भुमिया का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब निर्माण और बिक्री में लिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। विभाग ने अवैध मदिरा के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।

































































































































































